डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों को पिछले 3 महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे नाराज डॉक्टरों ने गुरुवार को कलेक्ट्री पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और बकाया वेतन के भुगतान की मांग की। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे और उसके बाद पेन डाउन हड़ताल पर चले जाएंगे। राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (RMCTA) के बैनर तले डॉक्टरों ने प्रशासन और राजमेस से लंबित वेतन तुरंत जारी करने की मांग की है। डॉक्टरों का कहना है कि वे लगातार मरीजों की सेवा, आपातकालीन ड्यूटी, शैक्षणिक कार्य और अस्पताल संबंधी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद 3 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा इस संबंध में डॉक्टरों ने पहले मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपकर लंबित वेतन जारी करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। डॉक्टरों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि शुक्रवार तक वेतन जारी नहीं किया गया, तो अगले 2 दिनों तक सभी डॉक्टर कार्य के दौरान बांह पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी वेतन जारी नहीं होने की स्थिति में, वे कार्य समय के दौरान सुबह 8 से 9 बजे तक एक घंटे की 'पेन डाउन हड़ताल' करेंगे। हालांकि इस दौरान आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।