डूंगरपुर में शुक्रवार देर रात पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बाद रात करीब 8:30 बजे आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज गर्जना के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ देर में हल्की बारिश में बदल गई। लगभग 8 मिनट तक हुई इस बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिनभर की तपिश से परेशान लोगों को इससे कुछ राहत मिली। हालांकि, बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली और जल्द ही थम गई, लेकिन मौसम में ठंडक बनी रही। इस असमय बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में इन दिनों गेहूं की कटाई का काम चल रहा है। कई किसानों की कटी हुई फसल खेतों और खलिहानों में पड़ी थी। अचानक हुई बारिश से गेहूं भीग गया, जिससे फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों को अब संभावित नुकसान की चिंता सता रही है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां आमजन को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। यदि मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रहा, तो कृषि कार्यों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।