डूंगरपुर में स्वास्थ्य विभाग ने 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष कार्रवाई की है। इस दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पाद, आइसक्रीम, कुल्फी, कोल्ड ड्रिंक, पेय पदार्थ और फ्रूट जूस बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी और उनकी टीम ने आसपुर में उदयपुर-बांसवाड़ा रोड स्थित महाराजा भोजनालय का निरीक्षण किया। यहां से दही का नमूना लेकर जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट संचालक को पेस्ट कंट्रोल करवाने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने, पानी की जांच कराने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बस स्टैंड स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना लिया गया। दुकान संचालक को स्वच्छता बनाए रखने और अन्य कमियों को जल्द ठीक करने के लिए पाबंद किया गया। अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित फर्मों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि गर्मी के मौसम में आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगे भी निरीक्षण और सैंपल की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य लाइसेंस दिखाने, खुले में खाद्य सामग्री नहीं बेचने और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग करने के निर्देश दिए।