बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के झिंझवा सेंगाल महुड़ी में एक संगठन के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने संगठन पर आदिवासियों को गुमराह करने और सरकार विरोधी गतिविधियां चलाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर एसपी, कलेक्टर और उदयपुर आईजी से कार्रवाई की मांग की गई है। डूंगरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंशीलाल कटारा ने बताया कि 'भारत सरकार कुटुंब परिवार' नामक संगठन के लोग आदिवासी क्षेत्र में आकर भोले-भाले लोगों को गुमराह कर रहे हैं। यह संगठन पिछले 3-4 साल से क्षेत्र में सक्रिय है। कटारा के अनुसार सेंगाल महुड़ी में लाल और नीली बत्ती लगी गाड़ियों में सायरन बजाते हुए कुछ लोग आए थे। उनका आरोप है कि ये लोग क्षेत्र में अशांति फैला रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। गांव और आसपास के लोगों ने इनके बहकावे में आकर भारत सरकार के आधार कार्ड और वोटर कार्ड जैसे दस्तावेजों को छोड़ दिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि ये लोग भारत सरकार और संविधान को नहीं मानते, बल्कि अपनी अलग सरकार और संविधान होने का दावा करते हैं। वे ब्रिटिश सरकार के समय की बातों से प्रेरित हैं और संगठन पर ईसाई मिशनरियों द्वारा चलाए जाने का आरोप भी लगाया गया है। ये लोग सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने से इनकार करते हुए खुद को 'मूल निवासी' बताते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। कटारा ने बताया कि इस संबंध में प्रशासन, कलेक्टर, एसपी और उदयपुर आईजी को अवगत कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अलग धर्म कोड के नाम पर क्षेत्र को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जो आदिवासी क्षेत्र को सामूहिक रूप से तोड़ने की कोशिश है। भाजपा ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर क्षेत्र में एक बड़ा जनजागरण और जनांदोलन किया जाएगा।