डूंगरपुर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गठित डीएसटी टीम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गीली लकड़ियों का अवैध परिवहन कर रहे तीन ट्रकों को जब्त किया है। यह कार्रवाई बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर की गई। पुलिस ने तीन ड्राइवरों को भी हिरासत में लिया है। डीएसटी प्रभारी मदनलाल ने बताया कि टीम को बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गीली लकड़ियों के परिवहन की सूचना मिली थी। इस सूचना पर टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान, बिना वैध दस्तावेजों के गीली लकड़ियों का परिवहन करते हुए तीन ट्रक पकड़े गए। पुलिस ने ट्रकों के चालकों को हिरासत में लिया है। इनमें भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र के सम्बलपुरा निवासी रघुराज राज सिंह, भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के नील की खेड़ी निवासी शेरू उर्फ नानालाल मीणा और उदयपुर जिले के मावली निवासी मनीष शर्मा शामिल हैं। डीएसटी टीम ने तीनों ट्रकों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाने को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएसटी टीम ने अब तक पर्यावरण संबंधी अवैध गतिविधियों में शामिल छह क्रेन, चौदह ट्रक और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के प्रयासों का हिस्सा है।