डूंगरपुर के लक्ष्मण मैदान में चल रहे डीपीएल टूर्नामेंट में आसपुर टाइगर के बल्लेबाज कुणाल सिंह राठौड़ ने 175 रन की रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आसपुर टाइगर ने बिछीवाड़ा बुल्स को 128 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आसपुर टाइगर ने निर्धारित 20 ओवर में 281 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो डीपीएल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। कुणाल सिंह राठौड़ ने अपनी पारी में 15 छक्के और 17 चौकों की मदद से 175 रन बनाए। उन्होंने मोहित भगतानी (32 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की। बिछीवाड़ा बुल्स की ओर से कप्तान शोभित सिंह ने 3 और जसकिरण दीप सिंह ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिछीवाड़ा बुल्स की टीम 153 रन पर ऑल आउट हो गई। दिलीप यादव ने 61 और दृश्य कंसारा ने 28 रन का योगदान दिया। आसपुर टाइगर के हेमेन्द्र सिंह और संजू डीजे ने 3-3 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई। कुणाल सिंह राठौड़ को उनकी विस्फोटक पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले गुरुवार रात को खेले गए एक अन्य मुकाबले में भी आसपुर टाइगर ने डूंगरपुर वॉरियर्स को 23 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आसपुर टाइगर ने 158 रन बनाए, जिसमें रोहन राजभर ने 47 और दक्ष पी. भावसार ने 38 रन का योगदान दिया। जवाब में डूंगरपुर वॉरियर्स की टीम 135 रन ही बना सकी। कपिल कुमार ने 42 और कृष्णा कुमार ने 28 रन बनाए। आसपुर टाइगर की ओर से रोहन राजभर ने 4 और जय गोयल ने 3 विकेट लिए। इस मैच में रोहन राजभर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।