राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के घोषित परिणामों में डूंगरपुर के जॉय जैन ने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 4376वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने सामान्य वर्ग में 2052वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की। जॉय शहर के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पेश जैन के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से वागड़ क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जॉय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डूंगरपुर के एक निजी स्कूल से पूरी की। कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए वे कोटा गए, जहां उन्होंने नीट की तैयारी की। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह परीक्षा उत्तीर्ण की। जॉय जैन शुरू से ही एक मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता डॉ. कल्पेश जैन, माता चार्टर्ड अकाउंटेंट सुदीप्ता जैन, भाई ईवान, परिवार, गुरुजनों और इंस्टीट्यूट के शिक्षकों को दिया। जॉय ने बताया कि तैयारी के दौरान उनकी माता तीन महीने तक कोटा में उनके साथ रहीं और उन्हें लगातार प्रेरित किया। जॉय जैन ने बताया कि उनके पिता उनके रोल मॉडल हैं। उनका सपना एक कुशल डॉक्टर बनकर उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करना और भविष्य में वागड़ क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। जॉय की इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों, शिक्षकों, चिकित्सकों और शहरवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।