डूंगरपुर जिले के सीमलवाड़ा क्षेत्र में स्थित गोविंद गुरु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांसिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सीमलवाड़ा तालुका अध्यक्ष एवं न्यायाधीश हरीश मेनारिया ने छात्रों को कानूनी जानकारी दी और उन्हें मोबाइल का गुलाम नहीं बनकर उसे अपना गुलाम बनाने का संदेश दिया। न्यायाधीश हरीश मेनारिया ने बताया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग स्मरण शक्ति को प्रभावित करता है। उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग को बच्चों की मानसिक और शारीरिक क्षमता के लिए खतरनाक बताया। बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए न्यायाधीश ने छात्रों को अपनी निजी जानकारी, जैसे ओटीपी, आधार और बैंक विवरण, किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना सोचे-समझे किसी भी संदेश को फॉरवर्ड करना कानूनी रूप से अपराध की श्रेणी में आ सकता है। शिक्षा के महत्व पर दिया जोर शिविर में पॉक्सो एक्ट की गंभीरता और बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में भी छात्रों को जागरूक किया गया। शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए न्यायाधीश ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया जा सकता है। उन्होंने छात्रों को जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और आवश्यकता पड़ने पर सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।