डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के छैला खेरवाड़ा गांव में खेत की जुताई करते समय एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाने के एएसआई गजराज सिंह ने बताया कि छैला खेरवाड़ा निवासी कपिल हडात (12) गांव के ही एक खेत में खड़ा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ड्राइवर तेज गति और लापरवाही से खेत में जुताई कर रहा था। अचानक बेकाबू ट्रैक्टर ने खेत में खड़े बच्चे को कुचल दिया, जिससे कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत सामान्य अस्पताल, डूंगरपुर ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कपिल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।