डूंगरपुर में मोबाइल टावर से आरआरयू मशीन चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। वरदा थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन शिकंजा' के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई आरआरयू मशीन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है। वरदा थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के रणोली गांव स्थित इंडस मोबाइल टावर से आरआरयू मशीन चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को पकड़ा। इनकी पहचान कन्हैयालाल डोडियार (25) और राजेंद्र परमार (24) निवासी चारवाड़ा, थाना सागवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कन्हैयालाल एक निजी कंपनी में एयरटेल मोबाइल टावरों पर ड्यूटी इंजीनियर (एफएमई) के हेल्पर के रूप में काम करता था। टावरों पर चढ़ने और तकनीकी कार्यों का अनुभव होने के कारण उसने पहले भी विभिन्न गांवों में लगे मोबाइल टावरों से आरआरयू मशीनें चोरी की थीं। आरोपी ने अपने साथी राजेंद्र के साथ मिलकर 6 मई 2026 को रणोली स्थित इंडस टावर से मशीन चुराई थी। इस दौरान उन्होंने आसपास के लोगों को खुद को टावर कर्मचारी बताकर गुमराह किया और मशीन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।