नगर परिषद डूंगरपुर में नवनिर्वाचित सभापति सुशीला गुप्ता और उपसभापति अनिल पटेल ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने अपने-अपने कार्यालय में कुर्सी संभाली। सभापति की कुर्सी पर बैठने के बाद सुशीला गुप्ता ने अपने पति और पूर्व सभापति एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पदभार ग्रहण के बाद सुशीला गुप्ता ने शहर में सड़क, बिजली, पानी और सफाई को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं का 48 घंटे में समाधान करने का प्रयास रहेगा। इसके बाद सभापति, उपसभापति और पार्षदों ने अलग-अलग रथों में सवार होकर शहर में विजय जुलूस निकाला। एयर गन के साथ छात्राओं ने दी सलामी नगर परिषद में नवनिर्वाचित सभापति सुशीला गुप्ता के पदभार ग्रहण को लेकर कार्यालय को सजाया गया था। उनके कार्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पुलिस गार्ड की तर्ज पर एयर गन के साथ सलामी दी। सुशीला गुप्ता ने भी छात्राओं को सेल्यूट कर अभिवादन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संभाली कुर्सी दोपहर 12 बजे बाद पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सुशीला गुप्ता ने सभापति की कुर्सी संभाली। नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह देथा ने उन्हें चार्ज सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण के बाद सुशीला गुप्ता ने अपने पति और पूर्व सभापति केके गुप्ता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने शहर में उज्जैन के सुदर्शन महाराज और रामबोला मठ के महंत शिवशंकर दास महाराज से भी आशीर्वाद लिया। इसके बाद उपसभापति अनिल पटेल ने भी अपने चैंबर में पदभार ग्रहण कर कुर्सी संभाली। 48 घंटे में समस्याओं के समाधान का दावा पदभार ग्रहण के बाद सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि शहर का विकास और लोगों की समस्याओं का 48 घंटे में समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर में लोगों की सबसे बड़ी आवश्यकता बिजली, पानी, सड़क और सफाई की है। इन समस्याओं के समाधान के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले पूरे शहर की सड़कें फिर से चमचमाने लगेंगी। साथ ही विकास के कामों को छह महीने में पूरा करने की बात कही। सुशीला गुप्ता ने कहा कि उनके पति और पूर्व सभापति केके गुप्ता का आशीर्वाद उनके साथ है, इसलिए वे हर काम को समय पर पूरा करने का प्रयास करेंगी। उपसभापति अनिल पटेल ने भी शहर के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। पदभार ग्रहण के बाद शहर में सफाई व्यवस्था और कचरा परिवहन के लिए दो नए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उद्घाटन भी किया गया। अलग-अलग रथों में निकला विजय जुलूस पदभार ग्रहण के बाद सभापति सुशीला गुप्ता, उपसभापति अनिल पटेल समेत सभी पार्षद अलग-अलग रथों में सवार होकर विजय जुलूस में शामिल हुए। गाजे-बाजे और डीजे के साथ निकला जुलूस शहर के कई रास्तों से होकर गुजरा। रास्ते में लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस के गेपसागर की पाल पहुंचने के बाद वहां सभा का आयोजन किया गया।