डूंगरपुर की सागवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन स्वच्छता' के तहत दो होटलों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों होटलों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गलियाकोट रोड स्थित हाईवे के पास होटल शाहीराज में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। मौके पर लोगों को बैठाकर शराब परोसते हुए आरोपी सुभाष (22) निवासी बाकावाड़ा, बांसवाड़ा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यहां से विभिन्न ब्रांड की बीयर, व्हिस्की और अन्य शराब की दर्जनों बोतलें जब्त कीं। इसी क्रम में, जेठाना रोड स्थित होटल सागर पर भी कार्रवाई की गई। यहां अवैध रूप से शराब परोसते हुए आरोपी हरीश निवासी चौकी फला, जेठाना को गिरफ्तार किया गया। इस होटल से भी बीयर की कई बोतलें बरामद की गईं। पुलिस अब दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ का उद्देश्य यह पता लगाना है कि होटलों का संचालन कौन कर रहा था और अवैध शराब कहां से लाई गई थी। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।