जिले में पंचायतीराज चुनाव 2026 के पहले चरण को लेकर नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापसी के बाद अब डूंगरपुर जिला परिषद के 37 वार्डों के लिए कुल 123 उम्मीदवार चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं। नामांकन वापसी के अंतिम दिन 5 नामांकन वापस लिए गए हैं, जिसमें भाजपा को बड़ी राहत मिली है। 5 में से 3 नामांकन भाजपा के बागियों ने वापस लिए हैं। वार्ड 30 पूंजपुर महत्वपूर्ण वार्ड से भाजपा ने पूर्व जिला अध्यक्ष वेलजी पाटीदार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के सामने दो बागी नेता कमलेंद्र सिंह चुंडावत और रणजीत सिंह मैदान में उतर आए थे। हालांकि, संगठन की समझाइश के बाद दोनों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसी प्रकार वार्ड 31 से भाजपा के बागी उम्मीदवार जोरावर सिंह ने भी पार्टी हित में अपना नाम वापस ले लिया है। वहां से भाजपा ने किशन राठौड़ को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। बागियों के हटने से भाजपा खेमे ने बड़ी राहत महसूस की है। इसके अतिरिक्त वार्ड 18 और वार्ड 4 से भी दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। त्रिकोणीय मुकाबले से सियासी पारा गर्म प्रथम चरण के तहत होने वाले इन चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के बीच त्रिकोणीय संघर्ष तय माना जा रहा है। बागी तेवरों के शांत होने के बाद अब सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंकने में जुट गए हैं। प्रथम चरण के तहत जिले की 7 पंचायत समितियों के 119 वार्डों और उनके अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्डों पर मतदान होगा।