डूंगरपुर जिले में राशन डीलर एसोसिएशन ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। डीलरों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो धरना जारी रहेगा और राशन वितरण व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। डूंगरपुर जिला राशन डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में राशन डीलर कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए। उन्होंने बताया कि जनवरी 2023 से मार्च 2023 तक का लंबित कमीशन अब तक जारी नहीं किया गया है, जिसे तत्काल जारी करने की मांग की गई है। शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान जैन ने यह भी बताया कि कुछ डीलरों का कमीशन उनके खातों में जमा होने के बजाय अन्य डीलरों के खातों में स्थानांतरित हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वितरण के अनुपात में ही राशन आवंटन की मांग डीलरों ने राशन वितरण के दौरान गंभीर नेटवर्क समस्या का मुद्दा भी उठाया, जिसके कारण उपभोक्ताओं और डीलरों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने मांग की कि वितरण के अनुपात में ही राशन का आवंटन किया जाए, क्योंकि कई दुकानों पर अप्रैल, मई और जून का आवंटन 5 से 10 क्विंटल तक कम मिल रहा है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी इसके अलावा डीलरों ने कमीशन की पूरी जानकारी पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराने और शून्य आवंटन वाली दुकानों को भी पर्याप्त गेहूं उपलब्ध कराने की मांग की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।