डूंगरपुर जिले के सामीतेड गांव में एक रिटायर्ड फौजी की कुएं में डूबने से मौत हो गई। वह खेतों में फसलों को पानी देने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाली थाने के एएसआई गजराज सिंह ने बताया कि सामीतेड निवासी अर्जुन कोटेड ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके 70 वर्षीय पिता शंकरलाल कोटेड, जो रिटायर्ड फौजी थे, फसलों को पानी देने खेत गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग खेतों पर गए। वहां शंकरलाल नहीं मिले। कुएं के पास उनकी चप्पल और मोबाइल मिला। इसके बाद कुएं में देखा तो शंकरलाल का शव पानी में तैर रहा था। घटना की सूचना पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।