डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 48 पर एक ट्रक ड्राइवर ने आरटीओ इंस्पेक्टर के सामने हंगामा कर दिया। शराब के नशे में टैंकर को हाईवे पर खड़ा कर तलवार लहराने लगा। मौके पर पहुंची बिछीवाड़ा थाना पुलिस पर भी पथराव किया। इससे आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी के कांच फूट गए। मौके से आरटीओ टीम और पुलिस को भागना पड़ा, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस पहुंचे तो टैंकर लेकर रवाना हो गया था। जिसे पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर से पहले पकड़ लिया। आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को वे नेशनल हाईवे 48 पर गाड़ियों की जांच कर रहे थे। इस दौरान उदयपुर की ओर से एक टैंकर आया। शराब के नशे में ड्राइवर ने टैंकर को बीच सड़क पर ही खड़ा कर हंगामा करने लगा। वह तलवार लेकर नीचे उतरा। इससे हाइवे पर जाम लग गया। हंगामा देखते हुए बिछीवाड़ा थाने से पुलिस को मौके पर बुलाया गया, लेकिन इस दौरान ड्राइवर के साथ अन्य लोग भी पुलिस और आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी के पीछे भागते हुए पत्थर मारने लगे। इससे आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी के कांच भी फूट गए। बाद में बिछीवाड़ा थाने से अतिरिक्त पुलिस टीम के साथ वापस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक टैंकर लेकर ड्राइवर चला गया था। जिसे पुलिस और आरटीओ टीम ने पीछा करते हुए रतनपुर बॉर्डर से पहले पकड़ लिया। इसके बाद बिछीवाड़ा थाने लेकर आए। आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह की ओर से बिछीवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। जिसमें तलवार लहराकर डराने, पथराव कर गाड़ी के कांच फोड़ने ओर राजकार्य बढ़ा की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिस पर पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।