डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के खड़गदा गांव में दो दिन से लापता 11वीं कक्षा की एक छात्रा का शव कुएं में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार गांव में एक व्यक्ति मोटर चालू करने के लिए कुएं पर पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर कुएं के अंदर पड़ी, जहां एक युवती का शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना तुरंत ग्रामीणों में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सागवाड़ा थाना से एएसआई तखत सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला। जांच के दौरान मृतका की पहचान खड़गदा निवासी लक्ष्मी ननोमा (17) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी दो दिन पहले घर से निकली थी और तब से लापता थी। पुलिस ने शव को सागवाड़ा अस्पताल की मार्च्युरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।