आदिवासी बहुल डूंगरपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। श्रीभोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय (एसबीपी कॉलेज) में जल्द ही बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) की पढ़ाई शुरू होगी। इससे जिले के विद्यार्थियों को 12वीं के बाद बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एसबीपी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. गणेशलाल निनामा ने बताया कि कॉलेज शिक्षा विभाग से बीबीए कोर्स शुरू करने की मंजूरी मिल चुकी है। अब केवल अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से अंतिम मान्यता मिलना बाकी है। इसके लिए नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 25 जून को पंजीकरण कर दिया गया है। तकनीकी शिक्षा परिषद से स्वीकृति मिलते ही कॉलेज में बीबीए कोर्स का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। 60 सीटों को मंजूरी मिली उन्होंने बताया कि अब तक बीबीए कोर्स के लिए विद्यार्थियों को उदयपुर, जयपुर या अहमदाबाद जैसे शहरों में जाना पड़ता था। जिससे आना जाना ओर रहने में ही लाखों खर्च होता था। लेकिन विद्यार्थी अब डूंगरपुर में ही पढ़ाई कर सकेंगे। फिलहाल बीबीए की 60 सीटों को मंजूरी मिली है। कोर्स शुरू होने से जिले और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को व्यवसाय प्रबंधन, उद्यमिता, वित्त, विपणन और प्रबंधन जैसे विषयों की पढ़ाई स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। कॉलेज में नई विंग भी तैयार की जाएगी बीबीए कोर्स के संचालन के लिए कॉलेज परिसर में नई विंग भी तैयार की जाएगी, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को अध्ययन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि यह कोर्स जिले में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी दौर के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कॉलेज में बीबीए की शुरुआत से डूंगरपुर जिले के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा अपने ही जिले में प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।