डूंगरपुर में एक निजी स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। यह घटना सागवाड़ा थाना क्षेत्र के आसपुर रोड पर चुंगी नाका के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सागवाड़ा कटारवाड़ा निवासी अशोक मईड़ा अपनी 8 साल की बेटी निधि के साथ बाइक पर सागवाड़ा शहर से अपने घर लौट रहा था। आसपुर मार्ग पर चुंगी नाका के पास सामने से आ रही एक निजी स्कूल बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक मईड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी निधि गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बच्चों से भरी स्कूल बस को छोड़कर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सागवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल निधि को तुरंत सागवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक अशोक मईड़ा के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने स्कूल बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।