डूंगरपुर जिले के नवलश्याम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में गुरुवार को विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विभिन्न मांगों को लेकर स्कूल के मुख्य द्वार पर तालेबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने संचिया-नवलश्याम मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि स्कूल में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। हिंदी, अंग्रेजी और विज्ञान विषयों के पद रिक्त हैं। अब गणित विषय के शिक्षक का भी तबादला हो गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। खासकर 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विद्यार्थियों ने गणित शिक्षक का तबादला तुरंत निरस्त करने की मांग की। इसके साथ ही स्कूल के एक अन्य शिक्षक की कार्यशैली को लेकर भी भारी विरोध जताया गया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उक्त शिक्षक उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं और अपशब्दों का प्रयोग करते हैं, जिससे उनमें गहरा आक्रोश है। स्कूल में तालेबंदी और चक्का जाम की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) नवीन चंद मीणा और समसा के एडीपीसी रणछोड़ लाल डामोर तुरंत अमले के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों से काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोपी शिक्षक के खिलाफ निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, गणित शिक्षक के तबादले से पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए तुरंत किसी अन्य शिक्षक की वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया। अधिकारियों के ठोस आश्वासन और समझाइश के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रदर्शन समाप्त कर स्कूल का ताला खोला, जिसके बाद स्थिति शांतिपूर्ण हो गई।