डूंगरपुर जिले के गवर्नमेंट प्राथमिक स्कूल मारगिया महूड़ा में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के ऑफिस की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे दो टीचर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों शिक्षकों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। यह घटना गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे हुई। शिक्षिका शिल्पा कुमारी रोत और शिक्षक राजकुमार बुनकर ऑफिस में बैठकर शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर उन पर आ गिरा। हादसे में शिक्षिका शिल्पा कुमारी के पैर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, शिक्षक राजकुमार बुनकर के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें लगीं। घटना के बाद मौके पर मौजूद कुक कम हेल्पर कमला रोत, पड़ोसी लता रोत और महिपाल रोत ने तुरंत मलबा हटाकर घायल शिक्षकों को बाहर निकाला। इसके बाद महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल आंतरी के पीईईओ प्रभारी सुमेर सिंह राठौड़ और प्रवेश जैन को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षकों को तत्काल आंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। इस हादसे के बाद स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने शिक्षा विभाग से तत्काल स्कूल भवन का तकनीकी निरीक्षण करवाकर कमजोर और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं की गई, तो भविष्य में और भी बड़ा हादसा हो सकता है।