डूंगरपुर के सतीरामपुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में दिल्ली से आई महिला आईपीएस उषा यादव सहित पुलिस अधिकारियों ने 350 छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, आत्मरक्षा और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम में कानून संबंधी जानकारी के साथ विद्यार्थियों को आपात स्थिति में पुलिस से तत्काल संपर्क करने का संदेश भी दिया गया। महिला सुरक्षा और कानून की दी जानकारी कार्यक्रम में आईपीएस अधिकारी उषा यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीआईडी क्राइम) सीमा भारती, कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह, सदर थानाधिकारी संगीता बंजारा, सीबीओ डूंगरपुर निशा परमार, स्कूल प्रिंसिपल ओजस्वी परमार, बीट प्रभारी पोपटलाल लबाना सहित पुलिस एवं स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। आईपीएस उषा यादव ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012, महिला अपराध संबंधी कानून, नई न्याय संहिता, नशा मुक्ति अभियान, साइबर अपराध से बचाव के उपाय, गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डिजिटल सुरक्षा और हेल्पलाइन की जानकारी उन्होंने डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के साथ राजकॉप सिटीजन ऐप, वन स्टॉप सेंटर (सखी सेंटर), महिला बीट अधिकारी योजना और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की उपयोगिता भी समझाई। साथ ही विद्यार्थियों से किसी भी अपराध या आपात स्थिति की सूचना बिना देर किए पुलिस को देने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने पूछे सवाल कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। इस अवसर पर 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत जिले में संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिलेभर में जारी है अभियान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को कानून, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।