बांसवाड़ा में शुक्रवार दोपहर खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग पर लेपर्ड ने पीछे से हमला कर दिया। लेपर्ड ने उनका हाथ बुरी तरह चबा लिया, जिससे उसमें गहरे घाव हो गए और फ्रैक्चर भी हो गया। करीब 3 से 5 मिनट तक चले संघर्ष में लेपर्ड ने उनका हाथ जबड़े में जकड़े रखा। बुजुर्ग के जोर-जोर से चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब लेपर्ड भाग निकला। घायल बुजुर्ग का एमजी अस्पताल में इलाज जारी है। यह घटना के आबापुरा थाना क्षेत्र के भूतपाड़ा गांव की है। पीछे से झपटा, हाथ जबड़े में जकड़ लिया भूतपाड़ा गांव निवासी नाथु (65) पुत्र हुरजी शुक्रवार दोपहर अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी झाड़ियों से निकला लेपर्ड पीछे से उन पर झपट पड़ा। पीड़ित नाथु ने बताया कि लेपर्ड उनके ऊपर कूद पड़ा, और जब उन्होंने उससे बचने के लिए भागने की कोशिश की तो उसने उनके दाहिने हाथ को अपने जबड़ों में इतनी मजबूती से जकड़ लिया कि काफी देर तक हाथ नहीं छूटा। छुड़ाने की कोशिश के दौरान लेपर्ड के नुकीले दांत हाथ में गहराई तक धंस गए, जिससे गहरा जख्म हो गया। पकड़ इतनी मजबूत थी कि कलाई की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया। हाथ से लगातार खून बहने लगा, जबकि छुड़ाने के प्रयास में उनके पैर और पीठ पर भी पंजों के निशान आ गए। पीड़ित नाथु ने बताया कि लेपर्ड के साथ करीब 3 से 5 मिनट तक संघर्ष चला। उन्होंने हाथ-पैर चलाकर खुद को छुड़ाने की लगातार कोशिश की, लेकिन लेपर्ड ने पकड़ नहीं छोड़ी। इस दौरान उनके पैर और पीठ पर भी पंजों के निशान आ गए। दर्द से तड़पते हुए वह जोर-जोर से चिल्लाते रहे। चीख सुन पहुंचे ग्रामीण, तब भागा लेपर्ड जोशी ​डिंडोर, निवर्तमान सरपंच, खेड़ा बड़ली पाड़ा, गांव भूत पाड़ा ने बताया कि बुजुर्ग की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख लेपर्ड जंगल की ओर भाग निकला। नाथू खून से लतपथ खेत में पड़े थे और दर्द से तड़पते हुए वह "ऐ बाई... ऐ बाबा..." कहकर जोर-जोर से चिल्लाते रहे। ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग को तुरंत खेत से बाहर निकाला और बिना देर किए उपचार के लिए एमजी अस्पताल पहुंचाया। कलाई की हड्डी टूटी, हाथ पर गहरा घाव एमजी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के कंपाउंडर विजय ने बताया कि लेपर्ड के हमले में बुजुर्ग की कलाई की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। हाथ पर गहरा घाव है, जिसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। गांव में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग घटना के बाद भूतपाड़ा गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में लेपर्ड की आवाजाही से लोग डरे हुए हैं। उन्होंने वन विभाग से लेपर्ड को जल्द रेस्क्यू करने, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और किसानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।