डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र में लड़की को भगाकर ले जाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हड़मतिया फला ऊबा पाणा गांव में लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के परिवार के दो घरों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लट्ठ, पत्थर और लोहे के पाइप लेकर पहुंचे हमलावरों ने पहले जमकर तोड़फोड़ की और फिर दोनों घरों में आग लगा दी। आगजनी में दोनों मकान जलकर राख हो गए और परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। मामले में पुलिस ने लड़की के माता-पिता समेत 9 नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। लड़की को भगाकर ले जाने के बाद बढ़ा विवाद दोवड़ा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि हड़मतिया फला उबा पाणा निवासी गौरीशंकर उर्फ गवरा पुत्र रूपसी डेंडोर मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके दो बेटे हैं, जिनमें प्रेम उर्फ पप्पू डेंडोर लोहे के सरियों की सेटिंग का काम करता है। बताया गया कि 3 मई को प्रेम उर्फ पप्पू घर आया था और अगले दिन 4 मई को वह एक लड़की को अपने साथ भगाकर ले गया। घटना के बाद लड़की के पिता और परिवार के लोग गौरीशंकर के घर पहुंचे और दो दिन के भीतर लड़की को वापस नहीं लाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। रात में घर पर बोला हमला, जान बचाकर भागा परिवार पीड़ित परिवार के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे गौरीशंकर, उसकी पत्नी सविता और पोता घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान लड़की पक्ष के लोग लट्ठ, पत्थर और लोहे के पाइप लेकर वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति बिगड़ती देख परिवार के लोग जान बचाकर वहां से भागे। इसके बाद आरोपियों ने आसपास स्थित परिवार के दोनों घरों में आग लगा दी। दोनों घर जलकर राख, लाखों का नुकसान आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों मकान जलकर राख हो गए। घरों में रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। पीड़ित परिवार ने आगजनी और तोड़फोड़ से लाखों रुपए के नुकसान की बात कही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 9 नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज पीड़ित गौरीशंकर की रिपोर्ट पर पुलिस ने लड़की के माता-पिता समेत 9 नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ हमला, तोड़फोड़ और आगजनी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।