डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवकी गांव में एक कच्चे मवेशी घर की दीवार ढह गई। इस हादसे में दबने से 21 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 3 बकरियां और दो लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। यह घटना देवकी गांव निवासी मोगा पारगी के कच्चे केलुपोश मवेशी घर में हुई। मवेशी घर की एक तरफ की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय घर के बाहर खड़े दो व्यक्ति और दीवार की आड़ में छाया में बैठी बकरियां मलबे के नीचे दब गईं। सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत सत्तू की प्रशासक काली देवी, समाजसेवी शांतिलाल, ग्राम विकास अधिकारी नरेंद्र अहारी, पटवारी प्रवीण सिंह पंवार, पशु चिकित्सा विभाग से एलएसए सुभाष परमार और दोवड़ा पुलिस थाने से हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना स्थल का मुआयना किया और जानकारी जुटाई। मृत बकरियां मोगा पारगी परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं। बकरियों की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अधिकारियों ने मौका पर्चा भी तैयार किया है।