डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के गोरादा गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्वागत द्वार गिरने से 4 बच्चे घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना उस समय हुई जब बच्चे स्वागत द्वार के पास खड़े थे। एक बस पीछे की ओर आ रही थी, जिसका पिछला हिस्सा स्वागत द्वार से टकरा गया। टक्कर से स्वागत द्वार नीचे गिर गया और उसके नीचे खड़े बच्चे उसकी चपेट में आ गए। 4 भाइयों में से 3 के सिर पर चोटें आई घायल बच्चों में निलेश, अमित, अविनाश और अनिल शामिल है। निलेश के पिता बंशीलाल खराड़ी ने बताया कि निलेश और उसके 3 चचेरे भाई शादी में गए थे। हादसे में 4 में से 3 बच्चों के सिर पर चोटें आई हैं। घायल बच्चों को तत्काल एक निजी वाहन से डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।