डूंगरपुर जिले में एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुंआ थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वह रस्सी, लोहे की सांकल और ताला भी बरामद किया है, जिनसे महिला को बांधा गया था। कुंआ थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि 6 जुलाई को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे वह अपने घर के आंगन में बैठी थी, तभी सुकरम, रमण, चंदु, विनय और उनके परिवार की महिलाएं उसके घर पहुंचीं। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन पकड़कर अपने घर ले गए। वहां उसे रस्सी और लोहे की सांकल से बांधकर बंधक बना लिया गया। इस दौरान उसके साथ फिर से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों के घर से बुजुर्ग महिला को मुक्त कराया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि कार्रवाई करते हुए चार पुरुष और तीन महिला सहित सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुकरम, रमण, चंदु, विनय उर्फ विनोद, रूखली, रीना और गंगा, सभी निवासी डूंगरसारण शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से महिला को बांधने में प्रयुक्त रस्सी, लोहे की सांकल और ताला भी जब्त कर लिया है।