डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बलवाड़ा गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाने के एसआई रमेश चंद्र ने बताया कि मृतका की पहचान सीमा (25) के रूप में हुई है। सीमा का करीब तीन साल पूर्व बलवाड़ा निवासी नरेश अहारी के साथ प्रेम विवाह हुआ था। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी रितिका भी है। सीमा के पिता कांतिलाल कटारा, निवासी रेलडा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सीमा 29 मार्च को अपने पीहर रेलडा आई थी। दो दिन रुकने के बाद 31 मार्च को उसके माता-पिता उसे ससुराल बलवाड़ा छोड़कर आए थे। सीमा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और पीहर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को मौके से उठवाकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।