डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र में एक बंद पड़ी माइंस के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना हड़मत फला बोड़ामली गांव में हुई। मृतक की पहचान दिनेश परमार (27) के रूप में हुई है, जो गांव के ही कांतिलाल परमार का बेटा था। दिनेश सुबह गांव के पास बंद पड़ी माइंस में नहाने गया था। कुछ देर बाद माइंस में पानी में एक शव तैरने की सूचना मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त दिनेश के रूप में की। घटनास्थल पर माइंस के बाहर दिनेश के कपड़े, जूते, मोबाइल और टोपी रखे हुए मिले। सूचना मिलने पर धम्बोला थाने के एएसआई चेतनलाल कलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया और सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने कांतिलाल परमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।