डूंगरपुर के शास्त्री कॉलोनी मार्ग पर गुरुवार रात चार बदमाशों ने एक युवक पर लोहे के कड़े से हमला कर उसका करीब 25 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लूट लिया। वारदात आईसीआईसीआई बैंक के पास हुई, जहां घायल युवक ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन चारों एक ही बाइक पर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पान की थड़ी पर बैठे युवक को बनाया निशाना बिछीवाड़ा निवासी रवि डामोर वर्तमान में शास्त्री कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता है। गुरुवार रात खाना खाने के बाद वह टहलते हुए शास्त्री कॉलोनी मार्ग स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास पहुंचा। वहां बंद पान की थड़ी पर बैठकर वह अपना मोबाइल चला रहा था। लोहे के कड़े से सिर पर किए कई वार इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार होकर चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। आते ही एक बदमाश ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से रवि के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान दूसरे बदमाश ने उसके हाथ से करीब 25 हजार रुपए कीमत का टच स्क्रीन मोबाइल छीन लिया। घायल होने के बावजूद बदमाशों का किया पीछा सिर से खून बहने के बावजूद रवि ने हिम्मत नहीं हारी और मोबाइल लेकर भाग रहे बदमाश के पीछे दौड़ पड़ा। हालांकि, बाइक के पास खड़े उसके तीनों साथी भी तुरंत पहुंच गए। इसके बाद चारों आरोपी एक ही बाइक पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। दोस्तों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचा घटना के बाद रवि ने अपने दोस्तों को सूचना दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और दोस्तों की मदद से घायल रवि को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सर्जिकल वार्ड में उसका उपचार जारी है। अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस घायल युवक की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।