डूंगरपुर की बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के चुंडावाड़ा गांव में एक शादी समारोह के दौरान बैल ढूंढने गए एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की पीठ पर गहरा घाव लगा है। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिछीवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार, चुंडावाड़ा निवासी पंकज बलात अपने ही गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। शादी की रस्में चल रही थीं, तभी अचानक एक बैल खूंटे से रस्सी तुड़ाकर भाग निकला। बैल को पकड़ने के लिए गांव के कई लोग पीछे दौड़े, जिनमें पंकज भी शामिल था। बैल की तलाश करते समय रास्ते में गांव के ही कुछ अज्ञात बदमाशों ने पंकज को घेर लिया। बदमाशों ने पहले युवक के साथ लात-घूसों से मारपीट की और फिर अचानक उसकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में घायल पंकज को बिछीवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में घायल युवक का जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में इलाज चल रहा है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।