डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के वासुवा गांव में शुक्रवार को एक युवक ने मवेशी घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान सुखदेव मनात (22) के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले ही अहमदाबाद से अपने घर आया था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। चौरासी थाने के एएसआई दिनेश मीणा ने बताया कि वासुआ निवासी प्रताप मनात ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका बेटा सुखदेव मनात अहमदाबाद में मजदूरी करता था। सुखदेव सुबह घर पर ही था और महुए बीनने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान, जब उसकी मां रसोई में खाना बना रही थी, सुखदेव ने मवेशी घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।