पंचायतराज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन के निर्देश पर जोधपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मतदान दलों की रवानगी, अंतिम प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री वितरण की व्यवस्था की गई है। जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर तथा सरपंच-पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। बिलाड़ा के जिला परिषद क्षेत्र 25, 26 व 27 के 85 मतदान केंद्रों के दल 27 अक्टूबर को सुबह 9 बजे पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्रथम तल स्थित कमरा सी-10 से रवाना होंगे। मतदान के बाद सामग्री राजकीय आईटीआई कॉलेज, बिलाड़ा में जमा होगी। पीपड़ शहर के 71 केंद्रों के दल कमरा सी-7 और सालवा खुर्द के 71 केंद्रों के दल ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरा सी-3 से रवाना होंगे। दोनों क्षेत्रों की सामग्री पीपाड़ शहर के राजकीय कन्या महाविद्यालय में जमा होगी। भोपालगढ़ के 59 केंद्रों के दल कैंटीन और आसोप के 67 केंद्रों के दल स्टाफ रूम से रवाना होंगे। इनकी सामग्री श्री परसराम मदेरणा राजकीय महाविद्यालय, भोपालगढ़ में जमा होगी। प्रशासन ने हेल्प डेस्क, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, वाहन पार्किंग, चिकित्सा, यातायात और डाक मतपत्रों के लिए भी व्यवस्थाएं की हैं।