भास्कर न्यूज | सादुलपुर हाइवे-52 पर रविवार को गगोर रोड के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे बंद बॉडी कंटेनर से 291 कार्टन चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की। कंटेनर चालक संदीप कुमार (36) पुत्र झिंडूराम जाट निवासी चनाना छोटा पीएस सिद्धमुख को भी गिरफ्तार किया गया। थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके लेकर एएसपी रिछपाल सिंह व सहायक एसपी अभिजीत पाटिल आईपीएस के सुपर विजन में रविवार को पुलिस व एजीटीएफ ने राजगढ़-चूरू हाइवे 52 पर गगोर रोड के पास नाकाबंदी कर रखी थी। हरियाणा की ओर से आ रहे बंद बॉडी कंटेनर को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसमें 106 कार्टन रॉयल स्टाइल व्हीस्की, 128 कार्टन डिस्काउंट प्रिमियम व्हीस्की, 57 कार्टन पार्टी स्पेशल शराब मिली। इसके बाद पुलिस ने शराब व कंटेनर जब्त किया गया। थानाधिकारी ने बताया कि अवैध शराब जिरकपुर पंजाब से भरकर गुजरात ले जाई जा रही थी। पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपए है। टीम में एजीटीएफ प्रभारी जयप्रकाश, राजगढ़ थाना एसआई कमलेश कुमार, एजीटीएफ एचसी रोशनलाल, सिपाही जयवीर, इंद्र, नरेश कुमार सहित अन्य शामिल थे।