भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर के पीएमश्री राउमावि खड़ीन में सृजन फाउंडेशन व विश्व युवक केंद्र के संयुक्त आयोजन में पर्यावरण संरक्षण व जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। स्कूल परिसर में सामूहिक योगाभ्यास, प्रकृति आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम हुए। चित्रकला और ड्राइंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, ग्लोबल वॉर्मिंग, जैव विविधता और पेड़ों के महत्व जैसे विषयों पर पोस्टर और चित्र बनाए। एनसीसी कैडेट्स ने वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रूपाराम व व्याख्याता जैसाराम गौड़ के निर्देशन में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कैडेट्स ने पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और देखभाल का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य प्रतापाराम कड़वासरा ने करीब 500 विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जल, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को नैतिक दायित्व बताया। ग्राम सरपंच हेमाराम कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।