कोटा जिले के इटावा स्थित महावीर धान मंडी में मंगलवार शाम एक आढ़तिए की दुकान पर मुनीम पर चाकू से हमला कर चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंडी में व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। इटावा थाना अधिकारी अजीत सिंह चौधरी ने बताया कि मंगल दाल एंड एग्रो इंडस्ट्रीज, कृषि उपज मंडी इटावा में कार्यरत मुनीम महेंद्र सुमन पुत्र धुलीलाल सुमन निवासी इटावा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे वे दुकान पर बैठकर नकदी का हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक दुकान में घुस आया। युवक ने पीले रंग के कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। उसने सफेद चेकदार शर्ट और काला पजामा पहन रखा था। दुकान में घुसते ही उसने चाकू से हमला कर चोरी का प्रयास किया। बचने के लिए दुकान से बाहर भागे, हाथ पर लगी चोट हमले के दौरान महेंद्र सुमन अपनी जान बचाने के लिए दुकान से बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा करते हुए दोबारा चाकू से हमला किया। इस दौरान उनके दाहिने हाथ की बाजू पर चोट आई। उनकी शर्ट पर भी चाकू के कट के निशान मिले हैं। घटना के बाद घायल मुनीम का मेडिकल कराया गया। बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी थाना अधिकारी अजीत सिंह चौधरी ने बताया कि पीड़ित की लिखित रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 134, 333 और 110 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर जताई नाराजगी घटना के बाद इटावा मंडी के व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे कई दिनों से बंद पड़े हैं, जिससे चोरी और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है। उन्होंने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की।