भास्कर न्यूज | टोंक जिला मुख्यालय पर भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर ने टोंक पहुंचकर संगठनात्मक बैठक ली। उन्होंने सम्मेलन स्थल पर कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, भाजपा पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की प्रस्तावित जनसभा स्थल का भूमि पूजन भी किया। बैैठक में करीब 45 मिनट के भाषण में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा का छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी कांग्रेस के बड़े से बड़े राष्ट्रीय नेता से बेहतर है, क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता आमजन की सेवा, संकट में सहयोग और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता है। भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी समय में सक्रिय नहीं होता, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान में जुटा रहता है। कांग्रेस के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आज ऐसे तत्वों का जमावड़ा बन चुकी है, जो देशहित से अधिक अपने राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में शशि थरूर, मनीष तिवारी, आनंद शर्मा जैसे अच्छे लोग भी है, लेकिन यह भी कहना गलत नहीं होगा कांग्रेस में देशद्रोहियों का जमावड़ा ज्यादा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में वोटिंग के दौरान भाजपा प्रत्याशी के साथ मारपीट की घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में यह ठीक नहीं है, ममता बनर्जी के शासन में ऐसा ही होता है, लेकिन इस बार जनता जागरुक है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत व कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सचिन पायलट के एक साथ आने के सवाल पर राठौर ने कहा कि वह कहते हैं कि फोटो खींच, फिर मत कहना कि हम एक नहीं, इसका मतलब कुछ काला है, यह जताने की ज़रुरत क्या है, उन्होंने ऐसा क्यूं कहा। बैठक को प्रदेश महामंत्री मितलेश गौत्तम, केबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान सहित प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया। देवली उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, जिला प्रभारी जितेंद्र शर्मा, सहप्रभारी रामानंद गुर्जर, पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराना, सतीश चंदेल, गणेश माहुर, सत्यनारायण चौधरी, पूर्व जिलाप्रमुख सरोज बंसल, नरेश बंसल, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, शीला मीना, जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, संतकुमार जैन, दीपक संगत, अबूबकर नकवी, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर, प्रधान काबरा, ममता जाट, जिलामंत्री नीलिमा आमेरा, हरिराम यादव, मंडल अध्यक्ष नंदलाल छान आदि मौजूद रहे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 27 अप्रैल को टोंक भाजपा कार्यालय के उद्घाटन व कार्यकर्ता सम्मेलन की प्रस्तावित यात्रा को लेकर टोंक पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा पदाधिकारियों ने बड़ी माला पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला राजस्थान दौरा रहेगा। कार्यालय उद्घाटन में टोंक का चयन करना टोंक जिले के कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और देश में व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने कांग्रेस शासन पर घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देशहित में निर्णायक कदम उठाए है। राठौड़ ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता ने मोदी पर भरोसा जताया है।