फलोदी में गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में हुए उपखंड स्तरीय अटल जन सेवा शिविर में केवल दो शिकायतकर्ता पहुंचे। शिविर में उपखंड अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। हालांकि, शिकायतकर्ताओं की बेहद कम संख्या के कारण अधिकारी सभागार में इंतजार करते रहे। प्राप्त दो शिकायतों में से एक नगर परिषद से संबंधित थी, जिसमें जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही समस्या के समाधान की मांग की गई। दूसरी शिकायत चिकित्सा विभाग से जुड़ी थी, जिसमें आयुष्मान कार्ड बनवाने संबंधी परेशानी दर्ज कराई गई। 12 मार्च को पहुंचे थे 4 लोग इससे पहले 12 मार्च को आयोजित उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में भी केवल चार शिकायतकर्ता पहुंचे थे। उस दौरान नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई और ग्रामीण क्षेत्रों से पंचायतीराज व पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज की गई थीं। इस मामले में फलोदी एसडीएम पूजा चौधरी ने कहा - आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जन सुनवाई शिविर लगाए जाते हैं, अधिकाधिक लोगों को परिवेदनाएं रखनी चाहिए, उनकी समस्याओं का समाधान का प्रयास करेंगे।