फलोदी जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में डेढ़ साल से फरार चल रहे आरोपी फारूख को गिरफ्तार किया है। आरोपी फलोदी की बरकत कॉलोनी निवासी है और उसे बाप पुलिस थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि यह मामला 25 नवंबर 2024 को बाप थाना में दर्ज हुआ था। उस समय पुलिस ने सकूर पुत्र अलाबचाया निवासी बाप के कब्जे से 266 ग्राम स्मैक बरामद की थी और उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी सकूर ने बताया कि उसने यह स्मैक सतार खां निवासी भोजो की बाप से ली थी। इसके बाद सतार को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसने खुलासा किया कि उसने यह स्मैक आरोपी फारूख निवासी मोरिया, हाल बरकत कॉलोनी फलोदी से खरीदी थी। घटना के बाद से ही फारूख फरार चल रहा था। डीएसटी फलोदी ने तकनीकी आसूचना के आधार पर फारूख की बरकत कॉलोनी में उपस्थिति का पता लगाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी ब्रजराज सिंह चारण और सीओ फलोदी अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में प्रदीप एएसआई, प्रभारी डीएसटी फलोदी और उनकी टीम ने आरोपी फारूख को बरकत कॉलोनी से दस्तयाब किया। फारूख से स्मैक सप्लाई के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।