सीकर जिले के फतेहपुर कोतवाली थाना इलाके में गारिंडा मोड़ के पास स्लीपर बस और स्कूल बस में भिड़ंत हो गई। घटना में दो स्कूली बच्चों को हल्की चोट आई है। सूचना मिलते ही फतेहपुर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने यातायात सुचारू करवाया। हादसे की वजह सड़क पर फिसलन होना बताया जा रहा है। फतेहपुर कोतवाली थाना SHO महेंद्र सिंह के अनुसार घटना गारिंडा मोड़ के पास हुई। स्लीपर सीकर से फतेहपुर की तरफ आ रही थी जबकि स्कूल बस फतेहपुर से लक्ष्मणगढ़ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर फिसलन होने की वजह से स्लीपर बेकाबू होकर स्कूल बस से टकरा गई। इस घटना से पहले भी इस जगह के नजदीक सब्जी से भरी पिकअप खाई में पलट गई थी। सुबह एक हरियाणा की बस का एक्सीडेंट हो गया था। बतादें, 10 दिन पहले हुए पेचवर्क के दौरान सड़क पर डामर लिक्विड की मात्रा ज्यादा डाल दी गई, जिससे बारिश आते ही सड़क पर फिसलन हो गई। इसकी वजह से पिछले 10 दिन से ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं।