जयपुर में पिता के दोस्त ने नाबालिग छात्रा से रेप किया है। परिजनों की गैरमौजूदगी में आरोपी अंकल घर में आकर रेप करता था। अपने पास अश्लील फोटो-वीडियो होने की बात कहकर आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल किया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी अंकल को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल (जेसी) भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि जयपुर की रहने वाली 14 साल की लड़की से उसके पिता के दोस्त ने रेप किया। शिकायत में बताया गया कि कुछ साल पहले जब पीड़िता तीसरी क्लास में पढ़ती थी, तब पिता का दोस्त होने के कारण आरोपी अंकल का घर पर आना-जाना था। उस दौरान आरोपी अंकल ने उसे अकेला पाकर उसके साथ रेप किया। परिजनों की गैरमौजूदगी का पता चलने पर आरोपी अक्सर घर में घुस आता था और अकेला पाकर नाबालिग स्कूल छात्रा के साथ जबरदस्ती करता था। करीब 2 साल तक आरोपी अंकल उसका देहशोषण करता रहा। दूरी बनाने पर धमकाया नाबालिग पीड़िता को जब समझ आई, तो उसने आरोपी से दूरी बनाना शुरू कर दिया। परिजनों की गैरमौजूदगी में जब आरोपी घर आता, तो वह खुद को अलग कमरे में बंद कर लेती या आरोपी से बचने के लिए अपने मम्मी-पापा को फोन लगाकर बातचीत करने लगती थी। पिछले कुछ महीनों से आरोपी अंकल दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। वह अपने पास उसके अश्लील फोटो-वीडियो होने की बात कहकर, उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा और ब्लैकमेल करने लगा। स्कूल छात्रा डिप्रेशन में रहने लगी इस ब्लैकमेलिंग के डर के मारे नाबालिग स्कूल छात्रा डिप्रेशन में रहने लगी। काफी दिनों तक बेटी को लगातार डिप्रेशन में देखकर परिजनों ने जब उससे सख्ती से पूछा, तो नाबालिग पीड़िता ने रोते हुए आपबीती सुनाई और आरोपी अंकल की करतूत के बारे में बताया। इसके बाद गुस्साए परिजनों के साथ थाने पहुंची नाबालिग पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल करवाया और बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी अंकल को गिरफ्तार कर गुरुवार दोपहर जेसी (न्यायिक हिरासत) भेज दिया है।