भास्कर संवाददाता|टोंक पीएमओ डॉ. प्रतीक सालोदिया ने गुरुवार को सआदत व जनाना अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खराब पड़े एसी तुरंत बदलने समेत नियमित बेडशीट व शौचालयों की सफाई के निर्देश दिए। पीएमओ ने कार्यों में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी। पीएमओ डॉ.प्रतीक सालोदिया ने वार्डों के बंद पड़े एसी को चालू कराकर जांच की तथा जो एसी चालू कंडीशन में थे उनको चालू कराया। साथ ही खराब पड़े एसी को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। वार्डों में नियमित रूप से मरीजों की बेड शीट बदले जाने के साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई की संबंधित सफाई ठेकेदार को हिदायत दी। डॉ.सालोदिया ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियों के लिए विशेष रूप से बच्चों के वार्ड का निरीक्षण किया। जिन्होंने मरीजों को भर्ती किए जाने के लिए पर्याप्त बेड के साथ ही प्रचुर मात्रा में दवाईयों की व्यवस्था के निर्देश भी दिए ताकि मरीजों को दवाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। जनाना अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट, कंडम समान की लिस्ट बनाने एवं फायर सिस्टम की जानकारी लेते हुए इसके लिए एनओसी के निर्देश दिए।