खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने सेदरिया और सिविल लाइंस में कार्रवाई करते हुए 10,434 कैफिनेटेड बेवरेज की बोतलें जब्त कीं। विभाग का कहना है कि इन उत्पादों को एनर्जी ड्रिंक के नाम से बेचा जा रहा था। जब्त किए गए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग ने बताया कि सेदरिया स्थित मैसर्स मायाज एंटरप्राइजेज के गोदाम पर छापेमारी के दौरान विभिन्न क्षमता की 9,882 बोतलें जब्त की गई। यहां से कैफिनेटेड बेवरेज के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसके बाद सिविल लाइंस स्थित मैसर्स बजरंग टेलीकॉम से प्रिडेटर एनर्जी और मॉन्स्टर एनर्जी अल्ट्रा के एक-एक नमूने लिए गए। साथ ही 552 बोतलें भी जब्त की गईं। अधिकारियों के अनुसार, एफएसएसएआई की हालिया गाइडलाइन के तहत कैफिनेटेड बेवरेज को 'एनर्जी ड्रिंक' के रूप में प्रचारित या बेचना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में 10 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। अब प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य विभाग के आनंद कुमार, दीपक कुमार, अजय मोयल, केसरी नंदन शर्मा और राजेंद्र शर्मा शामिल रहे।