दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में बुधवार सुबह आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर मोबाइल फोन चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के वक्त वह घर में अकेली थी। माता-पिता जिम गए थे। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय घरेलू सहायक राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है। उसे 6 हफ्ते पहले पैसों के लेनदेन के मामले में काम से निकाल दिया गया था। दिल्ली की एक अदालत ने इस मामले में आरोपी को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इससे पहले मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अलवर में भी आरोपी राहुल मीणा अपने पड़ोसी के घर में घुसा और महिला के साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। उस पर पीड़िता का मुंह दबाने, गला घोंटने और फर्श पर पटकने का भी आरोप है। स्पेयर चाबी से घर में दाखिल हुआ था पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घर में घुसने के लिए स्पेयर चाबी का इस्तेमाल किया। वह सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंचा, जहां युवती मौजूद थी। युवती IIT ग्रेजुएट थी और सिविल सर्विस की तैयारी कर रही थी। आरोपी ने पहले मोबाइल चार्जिंग केबल से उसका गला घोंटा और फिर किसी भारी चीज से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसके साथ रेप की आशंका जताई गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इसकी पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच जारी है। इसके बाद आरोपी ने युवती के शरीर को सीढ़ियों से नीचे घसीटा और एक कमरे में ले गया, जहां लॉकर रखा था। उसने युवती की उंगली से बायोमेट्रिक लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। फिर स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़कर नकदी और ज्वेलरी चोरी की। वारदात के बाद आरोपी ने अपने खून लगे कपड़े बदले और मौके से फरार हो गया। CCTV फुटेज में उसका आना-जाना दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक वह ऑटो से द्वारका के एक होटल पहुंचा, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया।
इस बीच, AIIMS दिल्ली के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। हाथ-पैरों पर घाव, नाक की हड्डी टूटना और गर्दन की मांसपेशियों को गंभीर नुकसान पाया गया। मौत का कारण गला घोंटना बताया गया है। उन्होंने कहा कि शरीर के अंदरूनी अंगों में कंजेशन मिला है, जो दम घुटने से मौत की पुष्टि करता है। स्वैब और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे रेप की पुष्टि हो सके। ऑनलाइन गेम में कर्जे में डूब गया था जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस विजय कुमार ने बताया- जांच में पता चला है कि आरोपी ऑनलाइल गेमिंग का आदी था। गेम में काफी पैसे हार चुका था और आसपास के अन्य घरेलू नौकरों से भी पैसे उधार ले रखे थे। नौकरों के मांगने पर वह पैसे नहीं लौटा रहा था। यह बात IRS अफसर तक पहुंची तो उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया था। दो लाख कैश और गहने लेकर भागा था आरोपी राहुल सुबह 6.30 बजे घर में दाखिल हुआ। 40-45 मिनट अंदर रहा, करीब 7.15 बजे घर से बाहर आया। वह घर में आते-जाते सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है। IRS अफसर ने पुलिस को बताया था कि घर से करीब 2 लाख रुपए कैश और गहने भी चोरी हुए हैं। पुलिस ने लूट का यह माल भी जब्त कर लिया है। क्राइम के बाद कपड़े बदलकर भागा था पुलिस अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने घर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए थे। फुटेंज में देखा कि मीणा घर में दाखिल होते समय काले रंग की पैंट और पीली शर्ट पहने था। वारदात के बाद उसने कपड़े बदले और सफेद पैंट और उसी पीली शर्ट में कंधे पर बैग लटकाए बाहर जाते दिखाई दिया था। पीड़िता के कमरे के एंट्री गेट पर भी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। इनके लाइव फुटेज पीड़िता और उसके पिता दोनों के मोबाइल फोन पर उपलब्ध थे। मर्डर से 8 घंटे पहले अलवर में दुष्कर्म किया था अलवर पुलिस ने दिल्ली की हुई वारदात के बाद आरोपी राहुल का रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि उसने 21 अप्रैल की रात करीब 11 बजे राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के घर में घुसकर उससे दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने पुलिस को अपनी रिपोर्ट में बताया कि राहुल मीणा उसके पति को अपनी बाइक पर बैठाकर किसी शादी समारोह में लेकर गया था। पति वहीं रुक गया। इस दौरान आरोपी वापस उसके घर में घुस आया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पति लौटा तो पत्नी ने उसके साथ जाकर रिपोर्ट लिखवाई। होनहार और विनम्र स्वभाव की थी पीड़िता:विधायक ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा रॉय ने बताया कि पीड़िता एक होनहार लड़की थी। मैं उसे कई सालों से व्यक्तिगत रूप से जानती हूं और उसे ईमानदार, अनुशासित और असाधारण प्रतिभा वाली लड़की के रूप में बड़ा होते देखा है। शिखा रॉय ने आगे बताया कि वह पढ़ाई में बहुत होशियार थी। IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूरी लगन से UPSC की तैयारी कर रही थी। वह अच्छी डांसर भी थी और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी शामिल होती थी। वह स्वभाव से बहुत विनम्र थी और अपने आसपास के लोगों से जुड़ी रहती थी। ------------------------- क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… लेडीज संगीत में डांस करने पर महिला की हत्या: पड़ोसियों के घर देखकर भड़का जेठ, दरात से मुंह-छाती और हाथ काटे हरियाणा के रोहतक में जेठ ने दरात से काटकर अपने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। महिला पड़ोसियों के यहां लेडीज संगीत पर गई थी। वहां उसे डांस करता देख जेठ भड़क गया। जैसे ही वह घर आई तो उसने दरात से हमला किया। उसने सिर, मुंह, छाती, हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। पूरी खबर पढ़ें…