भास्कर न्यूज । बालोतरा जसोल फांटा पर माजीसा मंदिर दर्शन करने आई एक महिला के साथ लूट की घटना सामने आई है। यह वारदात जसोल फांटा पर 22 अप्रैल की शाम को हुई। पीड़ित महिला जालौर से अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन के लिए आई थी। महिला आशापुरा ट्रेवल्स की बस से जसोल फांटा पर शाम करीब 7:20 बजे उतरी। इसी दौरान बस में सवार तीन-चार महिलाएं भी उसके पीछे-पीछे उतरी और अचानक उसे धमकाकर गले से सोने की कंठी सहित अन्य जेवरात लूट लिए। घटना के बाद पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी महिलाएं तुरंत पास में खड़ी सफेद रंग की कार में बैठकर फरार हो गईं। बताया जा रहा है कि कार में पहले से तीन पुरुष मौजूद थे, जो इस वारदात में शामिल थे। यह पूरी घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने पहले से ही योजना बनाकर बस में सफर किया और महिला को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद महिला ने जसोल पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। पूरी वारदात पास में स्थित एक होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।