भास्कर न्यूज | टोंक राउमावि, लांबाकलां में प्रवेशोत्सव के द्वितीय चरण के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क स्कूल बैग व स्टेशनरी वितरित की गई। प्रधानाचार्य सीपी विजयवर्गीय की पहल पर स्कूल के सभी शिक्षक व स्टाफ ने भामाशाह की भूमिका निभाई। उन्होंने 65 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, तीन कॉपियां, पेंसिल, शार्पनर व इरेज़र उपलब्ध कराए। प्रधानाचार्य सीपी विजयवर्गीय ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, दूध, मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में स्कूल स्टाफ ने स्वप्रेरणा से विद्यार्थियों को बैग व स्टेशनरी वितरित की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने का आह्वान भी किया। इस दौरान वरिष्ठ व्याख्याता रिंकू कुमावत, शैलेंद्र पुरोहित, शंकरलाल यादव, अक्षय जैन, गोपाल पारीक, प्रतीक अकोदिया व बिरजू ग्वाला ने भी विचार व्यक्त किए। गोपाल पारीक ने देशभक्ति गीत ‘संगठन गढ़े चलो-सुपंथ पर बढ़े चलो’ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन शुभम जोनवाल ने किया।