सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी अब घर बैठे निशुल्क ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे। शिक्षा विभाग सोमवार से शुक्रवार शाम 4 से रात 8 बजे तक ई-पाठशाला की कक्षाएं चलाएगा। हर स्कूल में विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्माइल ग्रुप बनेगा, जिसमें रोज लिंक भेजा जाएगा। विद्यार्थी लिंक से विषयवार पढ़ाई कर सकेंगे। लाइव डाउट सॉल्विंग क्लास में कमेंट बॉक्स के जरिए सवाल पूछ सकेंगे। शिक्षक या विषयाध्यापक नहीं होने पर स्कूल अगले दिन आईसीटी लैब में रिकॉर्डिंग दिखाकर पढ़ाई करवा सकेंगे। बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए विभाग ने यह पहल की है। जोधपुर की 2430 सहित प्रदेश की 67,430 सरकारी स्कूलों में एलकेजी से 12वीं तक कुल 72 लाख 48 हजार 752 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें 9वीं में 7 लाख 45 हजार 596, 10वीं में 5 लाख 74 हजार 287, 11वीं में 5 लाख 37 हजार 868 और 12वीं में 5 लाख 3 हजार 437 विद्यार्थी हैं।