झालावाड़| विहिप एवं बजरंग दल के राष्ट्रव्यापी 'सेवा ही सप्ताह' अभियान के तहत सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा एवं दवा वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में जरूरतमंद मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। बजरंग दल जिला संयोजक सचिन कश्यप ने बताया कि सेवा सप्ताह में जिले के विभिन्न प्रखंडों में सामाजिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और निशुल्क दवाइयां वितरित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि झालावाड़ प्रखंड में नई जेल रोड स्थित कच्ची बस्ती, असनावर प्रखंड में एसटी भवन (भील समाज धर्मशाला), बकानी प्रखंड में गायत्री मंदिर ट्रस्ट, रटलाई तथा मनोहरथाना प्रखंड में बाबा रामदेव मंदिर परिसर में शिविर होंगे। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कश्यप ने जिले के जरूरतमंद लोगों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन कर रहे हैं।