डीडवाना डीडवाना नगर व्यास पीठ के पंडित अशोक व्यास द्वारा संपूर्ण भारतवर्ष में कथा वाचन किया जा रहा है। ।जयपुर में भव्य कथा का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार स्थानीय तरुछाया रेजीडेंसी स्थित बैंक्वेट हॉल में आगामी 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा में पंडित अशोक व्यास संगीतमय कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन समिति के अनुसार, कथा के प्रथम दिन 27 सितंबर को प्रातः 9:15 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। पहले दिन श्रीमद् भागवत माहात्म्य वर्णन, शुकदेव जी व राजा परीक्षित मिलन तथा वराह अवतार की कथा का वाचन किया जाएगा।कथा के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक विभिन्न प्रसंगों का वर्णन होगा। इसके तहत 28 सितंबर को कपिल देव अवतार व शिव-सती चरित्र, 29 सितंबर को प्रह्लाद चरित्र व नृसिंह अवतार, 30 सितंबर को वामन अवतार, राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। वहीं 1 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा व छप्पन भोग झांकी, 2 अक्टूबर को रुक्मिणी विवाह तथा 3 अक्टूबर को सुदामा चरित्र व कथा विश्राम का आयोजन होगा। 4 अक्टूबर को हवन व पूर्णाहुति के पश्चात दोपहर 12:30 बजे से विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजक तरुछाया परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार कथा का श्रवण लाभ लें।