डूंगरपुर के लक्ष्मण मैदान में चल रहे डीपीएल सीजन-3 में गुरुवार को गलियाकोट जायंट्स ने बिछीवाड़ा बुल्स को 103 रन से हरा दिया। इस मैच में यथार्थ भिरानी ने टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ा, जिससे गलियाकोट जायंट्स ने बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए गलियाकोट जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 198 रन का मजबूत स्कोर बनाया। यथार्थ भिरानी ने नाबाद 100 रन की पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ओमेश शर्मा ने 41 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 79 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। बिछीवाड़ा बुल्स 103 रन से हारी बिछीवाड़ा बुल्स की ओर से मनीष रेबारी, शोभित सिंह और दिलीप यादव ने एक-एक विकेट लिया। 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिछीवाड़ा बुल्स की टीम 95 रन पर ऑल आउट हो गई। मनोज अमरावत ने 22 और रोहित जट ने 34 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके। गलियाकोट जायंट्स के गेंदबाज मयंक वरियानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट लिए। विश्वजीत और श्रेष्ठ पंत ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। यथार्थ भिरानी को उनके शतक के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डुडी, एईएन भक्तेश पाटीदार, एक्सईएन दिलीप पाटीदार और पूर्व पार्षद राजीव चौबीसा सहित कई लोग मौजूद रहे।